देहरादून, उत्तराखंड में मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों तक तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने एहतियात बरतने की सलाह दी है।
भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेशभर में तीन दिन के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग देहरादून के मुताबिक, 5 जून से 7 जून तक राज्य के पर्वतीय इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। वहीं, कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी खतरा है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए आगामी तीन दिनों तक बारिश, आकाशीय बिजली और तेज़ हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। जारी अलर्ट के अनुसार 5 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल समेत कई जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों तथा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि इन दिनों चार धाम यात्रा चल रही है, ऐसे में प्रशासन को ज्यादा सतर्कता बरतने को कहा गया है। बीते कई दिनों से प्रदेश में रुक रुक कर बारिश का दौर जारी है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि बीते 24 घंटों में प्रदेशभर में कई जगह रुक रुक कर बारिश होने की जानकारी है। लेकिन 5 जून यानि आज से तीन दिनों के लिए तेज बारिश का अलर्ट है। 7 जून से इसमें कुछ कमी देखने को मिल सकती है। राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।