देहरादून: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग से दर्दनाक घटना सामने आई है। चारधाम यात्रियों की एक कार तिलवाड़ा में अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। कार में बंगाल के पांच यात्री सवार थे। एसडीआरएफ ने यात्रियों को खाई से निकाला।
जानकारी के मुताबिक, तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के नजदीक एक वाहन सड़क से फिसलकर 50 मीटर गहरी खाई में नदी किनारे गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही तिलवाड़ा चौकी व अगस्त्यमुनि कोतवाली पुलिस आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंची। एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस को भी मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी महिंद्रा XUV700 थी। वाहन में सवार सभी 5 यात्री पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। वह केदारनाथ धाम जा रहे थे। कार नदी किनारे पानी में फंस गई थी, लेकिन रेस्क्यू टीम की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि 2 महिला यात्रियों को हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। वहीं चालक सहित 3 पुरुष यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं। सभी घायलों को खाई से रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है।
कार में सवार घायलों में झारखंड के पलामू के प्रिंस सिंह 30 वर्ष, पश्चिम बंगाल की सभीमा सिंह 28 वर्ष, असम के जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज निवासी सुजोन मुखर्जी 27 और ऋजा मुखर्जी 30 वर्ष, तथा उत्तर प्रदेश के औरैया के चालक प्रदीप कुमार 35 वर्ष शामिल हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को बचा लिया गया।