देहरादून: उत्तराखंड में गर्मी एक बार फिर तल्ख तेवर दिखाने लगी है। अगले दो-तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार भी कम ही नजर आ रहे हैं। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में आज कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
तेज धूप निकलने की वजह से पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्र तप रहे हैं और गर्मी भी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान में इजाफा होने की संभावना है। रविवार को चटक धूप के साथ सुबह की शुरुआत हुई और दिन चढ़ने के साथ गर्मी भी बढ़ने लगी। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 36.4 और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल जैसे शहरों में गर्मी में बढ़ोतरी हो सकती है तो वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता दिख रहा है जिससे मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। जबकि इससे पहले तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने 11 जून को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके साथ ही आंधी और बारिश का भी अलर्ट है। इससे पहले पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है।