देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तराखंड में इन दिनों सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं और भीषण गर्मी पड़ रही है। पर्वतीय जिलों में हो रही बारिश के चलते गर्मी से थोड़ी राहत तो मिल रही है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे हैं।
शुष्क मौसम और चटख धूप खिलने के कारण तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देहरादून के विकास नगर क्षेत्र में मंगलवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि देहरादून का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। दिन के समय तेज धूप और गर्मी होने की वजह से लोगों की आवाजाही भी सड़कों पर कम ही दिखाई दे रही है।
इसके साथ ही बाजार भी दिन के समय सूने पड़े हुए हैं। लेकिन सुबह और शाम के समय बाजारों में रौनक बनी हुई है। वहीं मौसम साफ होने के कारण इन दिनों उत्तराखंड में चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
वहीं 11 जून को पर्वतीय जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि अन्य जनपदों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 जून को भी मौसम इसी तरह से बना रहेगा।