देहरादून: उत्तराखंड में बीते कई दिनों से बारिश का क्रम जारी है। बारिश से नदियां उफान पर हैं। लगातार बढ़ रही नदियों के जलस्तर से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। गंगा नदी भी चेतावनी के निशान से ऊपर बह रही है। त्रिवेणी घाट का कई हिस्सा जलमग्न हो गया है। देहरादून में रिस्पना और ऋषिकेश में बीन नदी का भी जलस्तर बढ़ा हुआ है।
पुलिस प्रशासन लोगों को नदियों के किनारे से हटने और घर से बेवजह न निकलने की अपील कर रही है। बीन नदी में पानी के तेज बहाव में मैक्स वाहन पलट गया, जिससे दो लोगों की जान कुछ देर तक मुश्किल में फंसा रहीं। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर जान बचाई।
पशुलोक बैराज पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार बीन नदी में मैक्स वाहन पलटने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम द्वारा रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति को वाहन से सकुशल बाहर निकाल लिया। इस दौरान दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर फंसा हुआ था। बीन नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ा होने के कारण वाहन बहाव में कुछ दूरी तक नीचे चला गया था, जिससे रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। अभियान चलाते हुए वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सकुशल बाहर निकाल लिया गया। दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
यूपीईएस विश्वविद्यालय के 6 छात्र ट्रैकिंग के लिए स्वारना नदी, मिसरास पट्टी, थान गांव, देहरादून क्षेत्र में गए थे। वापस आते समय अचानक हुई तेज बारिश के कारण स्वारना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे छात्र जंगल में ही फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF डाकपत्थर की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दुर्गम क्षेत्र और बढ़े हुए जलस्तर के कारण टीम ने लगभग 6 किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर सभी 6 छात्रों को सकुशल रेस्क्यू किया और उन्हें जिला पुलिस के सुपुर्द किया।
भारी बारिश को देखते हुए दून पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशों पर के नगर और देहात क्षेत्र में पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जिलों के सभी सीमावर्ती चैक पोस्टों के साथ-साथ आन्तरिक मार्गों पर पुलिस द्वारा बाहरी व्यक्तियों/वाहनों की लगातार सघन चैकिंग सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ कर उनके सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है। इसके अतिरिक्त संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए संदिग्धों की तलाश के लिए भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी गश्त की जा रही है।