मसूरी: उत्तराखंड में मसूरी के दूधली मार्ग पर देर रात एक कार बारिश के कारण फिसलन में अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई। कार खाई में गिरने से पहले एक पेड़ से टकराकर उसी पर अटक गई। हादसे में कार सवार देहरादून निवासी दो युवक घायल हो गए। गनीमत रही कि कार पेड़ पर अटक गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि कार दिल्ली नंबर की थी और दोनों युवक रास्ता भटकने के बाद दूधली मार्ग पर पहुंच गए थे। इसी दौरान बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई और कार अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर चली गई।
दूधली गांव के ग्रामीणों के अनुसार, हादसा देर रात हुआ। सड़क से बाहर निकलने के बाद कार खाई की ओर जाने लगी, लेकिन रास्ते में मौजूद एक पेड़ से टकराकर वहीं अटक गई। कार के पेड़ पर अटकने से दोनों युवक गहरी खाई में गिरने से बच गए। हालांकि, हादसे में दोनों घायल हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद दोनों युवक रातभर मौके पर ही पड़े रहे। सुबह स्थानीय लोगों को कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक दूधली मार्ग काफी ढालदार है। कई जगह सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग भी नहीं लगी है। बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन बढ़ने से यहां दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा रेलिंग लगाने और सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।