देहरादून: पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने हरिद्वार की खानपुर सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। हरदा ने उमेश कुमार के हरदा को गरीब कहने और उनका उपहास उड़ाने पर आड़े हाथ लिया है। हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि मैं कुछ समय से बीमार हूं। हरीश रावत ने कहा कि मेरे विरोधी कुछ ऐसी बात कर रहे हैं जिससे मुझे प्रतिक्रिया देनी पड़ रही है।
लंबे समय से स्वास्थ्य लाभ ले रहे पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा कि सोशल मीडिया पर उन्होंने कार्यक्रम में देखा कि उन्हें निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा ने गरीब बताया। हरदा ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वे उन्होंने कभी नहीं कहा कि वे गरीब हैं। हरदा ने बताया कि उनकी मासिक आमदनी 1 लाख से ऊपर है।
हरदा ने आगे कहा कि जो लोग मुझे 'गरीब' कहकर गरीबी का उपहास उड़ा रहे हैं, उनके विवेक पर मुझे तरस आता है। अभी भी देश के अंदर और उत्तराखंड में भी गरीबी है, और उस गरीबी से हम सबको मिलकर के संघर्ष करना है और उससे बाहर निकलना है। कहा कि उपहास उड़ाने वाले वे लोग हैं, जिनकी गरीबी को उत्तराखंड ने दूर किया। हरदा ने नाम कहे बिना आरोप लगाया कि लोग एक होल्डॉल और टिन का बक्सा लेकर आए थे राज्य बनने के बाद और आज घोषित तरीके से करोड़ों-करोड़ों की संपत्ति उनके पास है।
हरदा ने बताया कि इतने साल के सार्वजनिक जीवन में कितनी संपत्ति अर्जित की है, मैंने चुनाव के वक्त हलफनामे दायर किए हैं। उसको देखकर कोई भी जानकारी ले सकता है। दोनों प्रकार के लोगों की अर्जित संपत्ति का अंतर व्यक्ति के चरित्र को और सार्वजनिक जीवन की स्वच्छता के मूल्य और मानकों के प्रति आस्था को स्पष्ट करता है।
बता दें कि पूर्व सीएम हरीश रावत और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को राजनीति में धुर विरोधी माना जाता है। हरीश रावत की सरकार को गिराने और स्टिंग प्रकरण में तब पत्रकार रहे उमेश कुमार की भी भूमिका मानी जाती है।