मसूरी: उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को मसूरी जिले में मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास भारी भूस्खलन होने से यातायात ठप हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरने से मार्ग बंद हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
भूस्खलन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और सड़क पर आए मलबे व बड़े पत्थरों को हटाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया। मार्ग खुलने के बाद जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया और यातायात सामान्य करने का प्रयास किया गया। हालांकि, लगातार बारिश के बीच पहाड़ी से मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहने से मौके पर दोबारा भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। अचानक भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आने से राहगीरों और वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी वाले बैंड क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए यहां स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की जरूरत है।
वहीं, मार्ग बंद होने से मसूरी और देहरादून के बीच आवाजाही करने वाले स्थानीय लोगों, पर्यटकों और अन्य वाहन चालकों को करीब एक घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और यातायात को व्यवस्थित करने में जुटी रही। लगातार बारिश और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से भी बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से रुकने से बचने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की गई है।