देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार शाम को विकासनगर कोतवाली क्षेत्र की खादर बस्ती में एक छह साल का मासूम बारिश के दौरान मस्जिद के पास सड़क किनारे खेल रहा था। बारिश होने के कारण सड़क पर तेज बहाव में वह नाली के करीब पहुंच गया और 10 इंच के पाइप में फंस गया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
शनिवार शाम को बारिश होने के चलते सड़कों पर पानी का तेज बहाव था। देहरादून के खादर बस्ती में छह वर्षीय अरमान खेल रहा था। तेज बहाव होने के कारण वह नाले तक पहुंच गया। नाले से जुड़े 10 इंच के पाइप में बच्चा फंस गया। लोगों ने बच्चे को निकलने की कोशिश की, लेकिन काफी मुश्किल हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी होते ही विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से पाइप को तोड़ा गया। करीब 30 मिनट की मेहनत के बाद अरमान को बाहर निकाला गया। परिजन अरमान को उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया।
अरमान अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मां गृहिणी हैं। चार-भाई बहनों में अरमान सबसे छोटा था। परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।