देहरादून: देहरादून के डीबीएस पीजी कॉलेज में एनएसयूआई के अभिनव कफलिया ने जीत दर्ज की है। अभिनव 6 साल से कॉलेज में छात्रों के बीच रहकर चुनाव की तैयारी में जुटे थे। अभिनव एमए इकॉनोमिक्स के छात्र हैं। मूल रूप से पिथौरागढ़ डीडीहाट के रहने वाले हैं। डीबीएस कॉलेज में दो साल से एनएसयूआई चुनाव जीतती आ रही है। इस बार सचिव पद पर भी एनएसयूआई समर्थित ने जीत दर्ज की है।
देहरादून के डीबीएस पीजी कॉलेज में हुए छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई ने कब्जा किया है। एनएसयूआई को अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद मिले, जबकि एबीवीपी के खाते में सिर्फ यूआर पद गया।
देहरादून के चार में से तीन डीएवी, एसजीआरआर और एमकेपी में एबीवीपी ने जीत दर्ज की, जबकि डीबीएस पीजी कॉलेज में एनएसयूआई ने परचम लहराया है। देहरादून के कॉलेजों में एबीवीपी का वर्चस्व माना जाता है, लेकिन डीबीएस में एनएसयूआई का जीत का क्रम जारी है। जिस पर एबीवीपी सेंध नहीं मार पा रही है।
अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के अभिनव कफलिया ने एबीवीपी के अभिषेक नेगी को 94 मतों से हराकर जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय सौरभ निर्वाचित ने जीत हासिल की। उन्होंने अभाविप के आदित्य उपाध्याय को 66 वोट से हराया। महासचिव पद पर एनएसयूआई समर्थित देवाशीष ने जीत हासिल की। उन्होंने श्रुति नौटियाल को 131 मतों से मात दी।
छात्रा आरक्षित संयुक्त सचिव पद पर आर्यन छात्र संगठन की चांदनी राणा विजयी रहीं। उन्होंने पलक सिंह को 42 वोटे से शिकस्त दी। कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआइ की आरती नेगी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर अभाविप की ईशा निर्वाचित हुईं। इस तरह प्रमुख पदों में एनएसयूआई को अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद मिले, जबकि एबीवीपी के खाते में यूआर पद गया।
प्रदेश भर के छात्र संघ चुनावों के परिणाम की बात करें तो गढ़वाल मंडल के 55 डिग्री कॉलेजों में से 23 में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं एनएसयूआई के 17 और अन्य के 15 कॉलेजों में छात्र संघ अध्यक्ष बने हैं। कुमाऊं मंडल में 51 कॉलेजों में से 25 पर निर्दलीय, 16 पर एबीवीपी और सात पर एनएसयूआई के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।