देहरादून: देहरादून और मसूरी में भीषण जाम से राहत दिलाने के लिए रिस्पना और बिंदाल एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। अब रिस्पना और बिंदाल एलिवेटेड रोड को जोड़ने की तैयारी है। इसके तहत राजपुर रोड स्थित मैक्स अस्पताल से धोरण तक नया एलिवेटेड-टनल कॉरिडोर बनाया जाएगा। जो शहर के लिए रिंग रोड का काम करेगा। ये रोड मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए भी सबसे बेहतर विकल्प बनेगा और समय भी बचेगा।
देहरादून में ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर प्रस्तावित दो एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट्स को लिंक करने के लिए नए ‘एलिवेटेड-टनल कॉरिडोर’ पर भी काम शुरू हो गया है। कॉरिडोर राजपुर रोड स्थित मैक्स अस्पताल के पास से शुरू होकर सहस्रधारा रोड स्थित धोरण तक जाएगा।
इससे मसूरी जाने वाले पर्यटक शहर के बाहर होते हुए निकल जाएंगे और शहर में जाम से बच जाएंगे। रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर दो अलग-अलग एलिवेटेड रोड परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है। दोनों बड़ी परियोजनाओं की अंतिम स्तर की फिजिबिलिटी स्टडी का काम चल रहा है। इसके बाद निर्माण काम शुरू होगा। अब योजना को विस्तार देते हुए दोनों एलिवेटेड सड़कों को आपस में जोड़ने का मास्टरप्लान तैयार किया है।
मैक्स अस्पताल से धोरण तक प्रस्तावित एलिवेटेड-टनल कॉरिडोर साधारण मार्ग नहीं होगा, यह देहरादून के लिए एक प्रभावी आउटर रिंग रोड की भूमिका निभाएगा, जो ट्रैफिक को आसान बनाने के साथ ही पर्यटकों को जाम से निजात दिलाएगा। मसूरी के लिए पुरुकुल से मसूरी के बीच पैसेंजर रोपवे भी बन रहा है। जो कि पर्यटकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आएगा। इसके शुरू होने से राजपुर रोड से मसूरी की तरफ जाने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़नी तय है। इससे भी शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। इन सभी बातों को ध्यान में रखकर ही इस नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो रहा है।