देहरादून : देहरादून में आईफोन चोरी होने के बाद चोर का पासवर्ड मांगने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जिसके बाद दून पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे है। क्लेमेंट टाउन की रहने वाली कौशिकी ध्यानी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस चोर ने उनका मोबाइल चोरी किया, वही अब उन्हें मैसेज करके फोन का पासवर्ड मांग रहा है।
कौशिकी ध्यानी ने बताया कि 12 सितंबर को उनका मोबाइल फोन चोरी हुआ था। उनके भाई और उसके दोस्तों के भी फोन चोरी हुए। उनका दावा है कि इसी दौरान कई लोगों के मोबाइल फोन और लाखों रुपये का सामान भी चोरी किया गया। कौशिकी का आरोप है कि चोरी की इन घटनाओं को लेकर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई, जबकि पुलिस को सीसीटीवी तक उपलब्ध कराए गए हैं। आरोप लगाया कि न एफआईआर दर्ज की गई और न ही शिकायतों पर कोई कार्रवाई हुई।
कौशिकी के मुताबिक, मामला सिर्फ मोबाइल चोरी तक सीमित नहीं है. उनका कहना है कि चोरी के बाद कथित चोर उन्हें मैसेज कर चोरी हुए फोन का पासवर्ड मांग रहा है। कौशिकी ने आरोप लगाया कि चोरों को अब पुलिस का डर नहीं रहा। उनका कहना है कि चोरों को लगता है कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती और उन्हें पकड़ा नहीं जा सकता। इसी वजह से चोरी के बाद भी चोर उनसे संपर्क कर रहा है और कई तरह के फेक मैसेज भी कर रहा है।
कौशिकी ने वीडियो में पुलिस पर भी आरोप लगाया कि कहा कि जब वह चोरी की शिकायत करने पुलिस स्टेशन पहुंचीं तो वहां उन्हें कहा गया कि अभी यहां कोई नहीं है, बाद में आना। कौशिकी के मुताबिक, कई लोगों ने चोरी को लेकर शिकायत की थी, लेकिन उनकी एप्लीकेशन तक नहीं ली गई। कौशिकी का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं आसपास कई जगह हुई हैं।
सीओ सदर अंकित भंडारी ने बताया कि इस मामले में सक्षम की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फोन को सर्विलांस पर लगाया है। चोरी के फोन का पासवर्ड मांगने की शिकायत पर भी नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है। जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।