मसूरी: मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर गुरुवार देर रात महिलाओं और युवतियों के बीच जमकर जूते-चप्पल चले। दोनों पक्षों के बीच मामूली बात से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया।
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर हुए इस हंगामे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। मसूरी पुलिस ने मामला बढ़ता देख दो युवतियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दो परिवारों में विवाद शुरू हुआ था। इसके चलते दोनों परिवारों की युवतियां आमने-सामने आ गईं। मामला देखते ही देखते उग्र हो गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों की तरफ से जमकर जूते-चप्पल चले। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
कुछ महिलाओं पर आरोप है कि उन्होंने मीडिया कर्मियों के साथ भी अभद्रता की और कैमरे पर हाथ मारने का प्रयास किया। इस पूरे विवाद के दौरान काफी देर रात तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मसरी में इन दिनों पर्यटकों की काफी भीड़ है। ऐसे में शहर के प्रमुख क्षेत्र में देर रात हुआ यह हंगामा कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
मसूरी पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। दो युवतियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि किसी को भी मसूरी का माहौल खराब करने या कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मामले में तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह, मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और घटना के संबंध में अन्य तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे।