देहरादून: उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट कोतवाली में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने पति पर धोखाधड़ी, उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में अपनी और बच्चों की सुरक्षा की मांग भी की गई है। मामले को लेकर रेखा आर्य ने फेसबुक पर एक वीडियो भी जारी किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रेखा आर्य की शिकायत पर 15 अक्टूबर को कैंट थाने में FIR नंबर 0158 दर्ज की गई। मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की 10 धाराओं और SC-ST एक्ट की तीन धाराओं का उल्लेख किया गया है।
FIR में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराएं 120-B, 323, 420, 467, 468, 471, 495, 498-A, 504 और 506 लगाई गई हैं। इसके अलावा SC-ST एक्ट की धाराएं 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(va) भी शामिल हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर रेखा आर्य से विवाह किया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस बात का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के मुताबिक, रेखा आर्य के हस्ताक्षरों की कथित कूटरचना कर और फर्जी दस्तावेजों के जरिए उन्हें कंपनी के निदेशक पद से हटाया हुआ दर्शाया गया। शिकायत में इस कथित धोखाधड़ी का भी उल्लेख किया गया है।
रेखा आर्य ने आरोप लगाया है कि हाल ही में सामने आए एक ऑडियो से उन्हें जान से मारने की साजिश का पता चला। शिकायत के मुताबिक, ऑडियो में गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत के दौरान कथित तौर पर ऐसी साजिश रचते सुनाई दे रहे हैं।
रेखा आर्य ने पुलिस से अपनी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले के बीच उनकी तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी भी सामने आई है। पति के खिलाफ FIR दर्ज कराते हुए उन्होंने लगाए गए आरोपों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।