देहरादून: अंकिता भंडारी के माता पिता ने नई दिल्ली में सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुलाकात की। अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी सीबीआई मुख्यालय में अफसरों से मिले। इस दौरान सीबीआई अधिकारियों ने पूरे केस को लेकर जानकारी दी।
सीबीआई के अधिकारियों ने उन्हें अंकिता हत्याकांड के सभी पहलुओं का समुचित परीक्षण करते हुए निष्पक्ष एवं न्यायसंगत ढंग से विवेचना करने का आश्वासन दिया। इस दौरान अंकिता के माता-पिता के साथ पौड़ी गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी मौजूद रहे।
बता दें कि अंकिता भंडारी केस में कथित वीआईपी को लेकर अब भी मामला गरमाया हुआ है। प्रदेश प्रभारी रहे दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाने का अंकिता के माता पिता विरोध कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक इस मामले में सीबीआई जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक दुष्यंत को संवैधानिक पद पर नहीं बिठाना चाहिए। इसको लेकर माता पिता दिल्ली में धरना भी दे चुके हैं। जिसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका भी शामिल हुए थे। रात में वहां से पुलिस के हटाने को लेकर भी जमकर बवाल हुआ।
अब दिल्ली से लेकर देहरादून तक कांग्रेस सड़कों पर है। इस मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी दिल्ली में लोगों से न्याय को लेकर समर्थन जुटा रहे हैं। इस बीच दोनों ने सीबीआई मुख्यालय में अधिकारियों से प्रकरण को लेकर जानकारी मांगी। अधिकारियों ने निष्पक्ष एवं न्यायसंगत ढंग से विवेचना करने का आश्वासन दिया है।
इससे पूर्व अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने मीडिया से बातचीत में सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने दुष्यंत कुमार गौतम का नाम बेटी की हत्या से जुड़े होने के बावजूद सिक्किम के राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं। पिता ने मांग की है कि यदि 24 घंटे के भीतर यह नियुक्ति रद नहीं की गई, तो उत्तराखंड समेत देशभर में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।