श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड के हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर जय हो ग्रुप के हिमांशु भंडारी ने शानदार जीत दर्ज की है। हिमांशु भंडारी ने एबीवीपी के भुवन चमोली को 1500 से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है। इस तरह हिमांशु ने गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी का मजबूत किला ढ़हाने के साथ ही तीन साल बाद जय हो की जीत दर्ज कराई है।
छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। सचिव पद पर भी एबीवीपी को करारी हार मिली। सचिव पर एनएसयूआई की वापसी हुई है। एनएसयूआई के मयंक बहुगुणा ने एबीवीपी के पंकज को 300 से ज्यादा मतों से शिकस्त दी।
गढ़वाल विश्वविद्यालय का छात्र संघ चुनाव गढ़वाल की राजनीति का प्रवेश द्वार माना जाता है। साथ ही ये चुनाव प्रदेश की सियासत में भी खासे मायने रखता है। कई दिग्गज नेता छात्र राजनीति से ही मुख्य धारा में पहुंचे हैं। इस बार छात्रसंघ चुनाव ऐसे समय में हुए हैं जब प्रदेश में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। जिस वजह से इन छात्रसंघ चुनावों में सबकी निगाहें टिकी हुई थी।
देर रात आए परिणामों से बीजेपी की छात्र संघ ईकाई एबीवीपी को बड़ा झटका लगा है। जिससे बीजेपी की टेंशन बढ़ गई हैं। एबीवीपी किसी भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर पाई। अध्यक्ष पर जय हो, सचिव पर एनएसयूआई, उपाध्यक्ष पद पर छात्रम् के पुलकित अग्रवाल, सह-सचिव पद पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर जय हो छात्र संगठन के ही रामरूप गुर्जर निर्विरोध निर्वाचित हुए। विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में NSUI का कब्जा रहा। अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष तीनों पद एनएसयूआई की झोली में गया। इस तरह एबीवीपी का चुनाव में सूपड़ा साफ हो गया है।
हिमांशु भंडारी मूल रूप से भी श्रीनगर गढ़वाल का रहने वाला है। हिमांशु ने 2019 में गढ़वाल विश्वविद्यालय में बीकॉम में एडमिशन लिया। इसके बाद हिमांशु ने एमबीए इन टूरिज्म किया। फिर एक साल का मासकॉम भी किया। वह वर्तमान में पीएचडी स्कॉलरशिप कर रहे हैं। हिमांशु ने बताया कि आठ साल तक वे छात्रों के बीच रहे और छात्रों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। हिमांशु की जीत में उनकी मां का भी बड़ा योगदान है। उनकी मां ने अपने बेटे की 8 साल की मेहनत के लिए चुनाव में वोट देने की मार्मिक अपील की थी, जिसका असर चुनाव में देखने को मिला है। सचिव पद पर जीते एनएसयूआई के मयंक बहुगुणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के क्षेत्र खिर्सू के हैं। जिस वजह से इस जीत के सियासी मायने भी तलाशे जा रहे हैं।