देहरादून: पूर्व सीएम हरीश रावत अपने निजी सहायक और पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना पर ईडी की कार्रवाई के बाद से लगातार विपक्ष पर हमलावर है। हरीश रावत ने इस पूरे मामले पर विपक्ष पर उन्हें फंसाने का आरोप लगाया है। हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा है कि वे मां की सौगंध खाकर कहते हैं कि उन्होंने कभी किसी को नौकरी देने के बदले एक पैसा लेना तो छोड़िए उससे कभी चाय और पानी तक नहीं पिया।
उन्होंने कहा कि वे सच के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करेंगे। हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि मां मैं आपकी सौगंध खाता हूं, आपके दूध की सौगंध खाता हूं। मैंने कभी किसी को नौकरी देने के बदले एक पैसा लेना तो छोड़िए मैंने उससे कभी चाय और पानी तक नहीं पिया।
हरदा ने कहा कि 'मेरी तीन माताएं हैं, जगत जननी, देवी भवानी (मां दुर्गा), जिसकी मैं नित्य प्रतिदिन पूजा करता हूं और वह धरती मां है, जिसने मुझे पैदा किया है।' हरीश रावत ने आरोप लगाया कि आज मुझे बदनाम करने का षड्यंत्र हो रहा है। उम्र के इस पड़ाव में मुझ पर कलंक लगाने का प्रयास हो रहा है। हरदा ने कहा कि मां मैं आपकी व आपके दूध की सौगंध खाता हूं, मैंने कभी किसी को नौकरी देने के बदले एक पैसा लेना तो छोड़िए मैंने उससे कभी चाय और पानी तक नहीं पिया, जिसको दिया होगा, मैंने दिया होगा मां। मैंने कभी नौकरी के बदले किसी से कुछ लिया नहीं। लेकिन आज ये कलंक का टीका मुझ पर लगाने का दुस्साहस किया जा रहा है और नियोजित तरीके से किया जा रहा है।
हरदा ने आगे लिखा कि कभी किसी को राजनीतिक पद देने के बदले भी पैसा नहीं लिया। हालांकि उन्होंने कहा कि हजारों-हजार लोगों की सिफारिश की हैं, कामधंधों आदि दूसरे चीजों के लिए, मैंने उनसे भी कभी सौदा नहीं किया। लोग मदद जरूर करते हैं मेरी, आज भी मेरी मदद कर रहे हैं। मेरे घर का तो छोड़िए, जिसने छाया की तरीके से मेरे साथ इतने साल सेवा करने का काम किया चंदन, आज उसकी जिंदगी भर की कमाई को सीज्ड कर दिया गया है। उसने अपने बच्चे पढ़ाने हैं, कहां से अपने बच्चों की आजीविका का पालन करेगा, उसकी अलग चिंता हो रही है। मेरे पास भी इतने साधन नहीं हैं कि मैं अपने घर का खर्चा उठा सकूं।
हरीश रावत ने आगे कहा कि 'मां मैं फिर आपकी सौगंध खाकर कह रहा हूं कि किसी चीज के बदले पैसा लिया हो, मां श्राप देकर के कहना कि हरीश तूने मेरे दूध को लज्जित करने का काम किया मैंने हर काम को आपको साक्षी बनाकर के किया है, आपके आदेश से किया है।'