जोशीमठ: उत्तराखंड के जोशीमठ के पास बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें पांच यात्रियों और पायलट की मौत हो गई है। हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमों ने बचाव एवं राहत कार्यों के लिए कार्रवाई शुरू कर दी। इन टीमों ने पायलट समेत सभी छह लोगों के शव दुर्घटनास्थल से बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, दुर्गम दुर्घटनास्थल से सभी शवों को सड़क मार्ग से जुड़े सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, निजी विमानन कंपनी की ओर से संचालित हेलीकॉप्टर के पायलट की पहचान कैप्टन हिमांशु सभरवाल के रूप में हुई है। हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों में प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस. नटराज शामिल थे। ये सभी कर्नाटक के निवासी थे। अधिकारियों ने कहा कि हेलीकॉप्टर में कोई महिला या बच्चा सवार नहीं था।
चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने हादसे को लेकर कहा कि ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर दोपहर लगभग 1.12 बजे बद्रीनाथ सिविल हेलीपैड से सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ थ्रर। दोपहर करीब 1.14 बजे जोशीमठ के पास विमान से संपर्क टूट गया।
चमोली एसपी ने कहा कि आसपास के इलाके में तैनात स्थानीय कर्मियों ने सूचना दी कि हेलीकॉप्टर काफी ऊंचाई पर उड़ते हुए नीचे घाटी की ओर जाता देखा गया। हेलीकॉप्टर को हिमांशु सभरवाल उड़ा रहे थे। उसके साथ कर्नाटक के पांच यात्री भी सवार थे। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अनुसार, जोशीमठ घाटी के ऊपर से उड़ते समय हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद हादसे की बात सामने आई।
यूसीडीए के अनुसार, उसी समय ट्रैकिंग सिस्टम हेलीकॉप्टर को ट्रैक नहीं कर पा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों को खोज और बचाव अभियान शुरू करने के लिए तुरंत भेजा गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं पूरे घटना पर नजर बनाए रखी। यूसीडीए ने कहा है कि एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया गया है।