देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ उत्तराखंड सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर एक जुलाई, 2026 से लागू होगी। राज्य के कर्मचारियों के लिए दीवाली पर यह अच्छी खबर है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की दर में 3 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। महंगाई भत्ते की दर 1 जुलाई, 2026 से 63 प्रतिशत की गई है। केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने भी राज्य के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता देने का प्रस्ताव मंजूर कर लिया है।
उत्तराखंड सरकार के इस फैसले का फायदा राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ ही स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा। इससे राज्य के लाखों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से दी गई महंगाई भत्ता वृद्धि की स्वीकृति के अनुसार पात्र कर्मचारियों को 1 जुलाई, 2026 से 31 अक्टूबर, 2026 तक की अवधि के डीए के अंतर का भुगतान एरियर के रूप में नकद किया जाएगा।