देहरादून: उत्तराखंड स्थापना दिवस में शामिल होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह देहरादून पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मित्रों महत्वपूर्ण बात ये है कि आपको तय करना है कि अगले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विकास देने वाली सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार करने वाली राहुल बाबा की सरकार चाहिए। अमित शाह ने यूसीसी पर भी बड़ा बयान दिया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सालों तक मनी ऑर्डर इकोनॉमी और पलायन के भरोसे उत्तराखंड को छोड़ा हुआ था। कांग्रेस ने पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी कभी पहाड़ के काम में न आए, ऐसी नीतियां बनाई थीं। हमने पलायन को रोकने का हर संभव प्रयास किया है और हमने मनी ऑर्डर इकोनॉमी की जगह यहां धन का सृजन करने वाली औद्योगिक इकोनॉमी लगाने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि पर्यटन में 380 फीसदी की वृद्धि हुई है। कांग्रेस वाले सड़क नहीं बनाते थे। कहते थे कि सड़क बनेगी तो चीन अंदर आ जाएगा। दुश्मन अंदर आ जाएगा। हमने सड़क भी बनाई और मोदी जी ने ऐसा देश बनाया कि किसी के माई के लाल की हिम्मत नहीं भारत की सीमाओं को छूने की। जिसने ऐसा किया, उसको सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए बीजेपी सरकार ने उनका सफाया करने का काम किया।
गृह मंत्री अमित शाह ने यूसीसी पर लोगों से पूछा कि बताओ क्या इस देश में क्या किसी को चार शादी करने की अनुमति होनी चाहिए, तीन तलाक की अनुमति होनी चाहिए, इस पर लोगों ने न में जवाब दिया। अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में कोई चार शादी नहीं कर सकता और न कोई तीन तलाक किसी महिला को दे सकता है। उत्तराखंड की राह पर 15 और राज्य यूसीसी बनाने की दिशा में आगे बढ़े हैं। यूसीसी को धीरे-धीरे में बीजेपी शासित सभी राज्यों में लागू करेंगे।